अहमदाबाद से बरामद हुई गिरिडीह से लापता विवाहिता, हिरासत में लिया गया एक आरोपी
गिरिडीह के झिंझरी मुहल्ला से लापता एक विवाहिता को पुलिस ने अहमदाबाद से बरामद कर लिया है. पुलिस ने एक आरोपी को भी पकड़ा है. विवाहिता शादी की नियत से फरार हुई थी.
गिरिडीह: शहर के नगर थाना इलाके के झिंझरी मुहल्ला से लापता एक विवाहिता को पुलिस ने बरामद कर लिया है. विवाहिता की बरामदगी गुजरात के अहमदाबाद से की गई है. बुधवार को विवाहिता के साथ आरोपी लड़के को थाना लाया गया. गुरुवार को महिला का बयान न्यायालय में दर्ज करवाया जाएगा.
लगभग 15 दिनों पहले झिंझरी मुहल्ला से एक विवाहिता लापता हो गई थी. इसकी शिकायत नगर थाना से की गई थी, जिसके बाद थाना प्रभारी रामनारायण चौधरी ने छानबीन शुरू की. छानबीन में यह साफ हुआ कि महिला किसी लड़के के साथ फरार हो गई है. गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना से अवर निरीक्षक असीम कुजूर के नेतृत्व में एक टीम को अहमदाबाद भेजा गया. टीम एक सप्ताह तक अहमदाबाद में रही और छानबीन की. इस दौरान महिला को बरामद किया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि टीम ने बेहतर काम किया है, फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है.

